राज्य

अयोध्या दीपोत्सव में 32 लाख दीये होंगे रोशन, 55 हजार लीटर तेल और 65 लाख बातियों की तैयारी

अयोध्याः दीपों की रोशनी से अयोध्या को जगमग करने वाले दीपोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयोजन के लिए 32 लाख दीयों, 55 हजार लीटर सरसों के तेल, 65 लाख बातियों और 150 किलो कपूर की व्यवस्था की जा रही है। सामग्री की आपूर्ति अयोध्याजी तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद की ओर से कराई जा रही है।

दीपोत्सव में 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जरूरत को देखते हुए 32 लाख दीयों की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। सरयू तट के 55 प्रमुख घाटों पर स्वयंसेवकों की मदद से दीप सजाए जाएंगे।

टेंडर प्रक्रिया पूरी, कुम्हारों को प्राथमिकता

तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि दीपोत्सव में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के टेंडर खुल चुके हैं और फिलहाल उनकी वित्तीय समीक्षा की जा रही है। टेंडर हासिल करने वाला वेंडर सामग्री की आपूर्ति अवध यूनिवर्सिटी को करेगा।

उन्होंने बताया कि दीये तैयार करने वाले स्थानीय कुम्हारों और वेंडरों की बैठक कर दोनों के बीच समन्वय कराया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय कुम्हारों को अधिक से अधिक ऑर्डर दिलाना है। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उनसे ही दीयों की आपूर्ति लेने की व्यवस्था की जाएगी।

34 हजार स्वयंसेवकों के लिए टी-शर्ट और भोजन

दीपोत्सव में दीप सजाने के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को स्वयंसेवक के तौर पर जोड़ा जा रहा है। 34 हजार वॉलंटियर छात्र-छात्राओं के लिए टी-शर्ट और मोमबत्ती की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा 34 हजार लोगों के लिए भोजन का भी इंतजाम होगा।

सरयू तट के 55 घाटों पर दीप सजाने वाले वॉलंटियर के भोजन की जिम्मेदारी तीर्थ विकास परिषद संभालेगा।

घाटों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी, कमिश्नर, अवध विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ प्रदेश स्तर पर पर्यटन और संस्कृति विभाग लगातार बैठकें कर रहे हैं। सरयू तट के 55 घाटों का निरीक्षण भी किया गया है।

जिलाधिकारी, सीडीओ, नगर आयुक्त, एडीएम नगर और नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र ने राम की पैड़ी समेत कई घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को समय से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और बिजली आपूर्ति को बेहतर करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

तीन नवंबर से सजेंगे दीप, सात को होगा दीप प्रज्वलन

नोडल अधिकारी के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान 55 प्रमुख घाटों पर 35 हजार स्वयंसेवक दीप सजाएंगे। दीपों की सजावट और अलग-अलग पैटर्न तैयार करने का काम तीन नवंबर से शुरू होगा। इसके बाद सात नवंबर को दीप जलाए जाएंगे।

दीपोत्सव-2026 में प्रमुख इंतजाम
  • 32 लाख दीये
  • 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य
  • 55 हजार लीटर सरसों का तेल
  • 65 लाख बातियां
  • 150 किलो कपूर
  • 55 प्रमुख घाट
  • 35 हजार स्वयंसेवक दीप सजाएंगे
  • 34 हजार वॉलंटियर के लिए टी-शर्ट और मोमबत्ती
  • तीन नवंबर से दीप सजाने का काम
  • सात नवंबर को दीप प्रज्वलन

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777