विश्व कप के बाद अब एशियाड में गोल्ड का मिशन, जीत के बाद मिलेगा टिकट टू ओलंपिक
बेंगलुरुः विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवां स्थान हासिल करने के बाद आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए जापान रवाना हुई है। कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई वाली भारतीय टीम की नजर अब एशियाड में गोल्ड जीतने पर है। गोल्ड मेडल हासिल करने वाली टीम को 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफिकेशन मिलेगा।
कोच शोर्ड मारिन की निगरानी में भारतीय टीम ने हाल ही में विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पांचवें स्थान पर रहते हुए 1974 के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ परिणाम दर्ज किया। इस प्रदर्शन ने टीम के हौसले को नई मजबूती दी है और अब भारतीय खिलाड़ी एशियाई खेलों में इस लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगी।
सलीमा टेटे ने बताया टीम का साफ लक्ष्य
कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि टीम एशियाई खेलों में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ जा रही है, लेकिन वह इस बात से भी परिचित है कि हर टूर्नामेंट अपने साथ नई चुनौती लेकर आता है।
उन्होंने कहा कि नेशंस कप और विश्व कप के प्रदर्शन ने टीम को यह भरोसा दिया है कि वह एकजुट होकर क्या हासिल कर सकती है। सलीमा के मुताबिक टीम का लक्ष्य स्पष्ट है- एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करना।
कप्तान ने यह भी कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम को निरंतरता और अनुशासन के साथ हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
पूल बी में भारत के साथ जापान और थाईलैंड
भारतीय महिला हॉकी टीम को एशियाई खेलों में पूल बी में जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया और उज्बेकिस्तान के साथ रखा गया है।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम के मुकाबले इस प्रकार होंगे:
- 20 सितंबर: भारत बनाम उज्बेकिस्तान
- 21 सितंबर: भारत बनाम इंडोनेशिया
- 23 सितंबर: भारत बनाम थाईलैंड
- 25 सितंबर: भारत बनाम जापान
- 27 सितंबर: भारत बनाम सिंगापुर
नॉकआउट मुकाबले 30 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि स्वर्ण पदक का मुकाबला 2 अक्टूबर को होगा।
अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा चेहरों पर भी भरोसा
भारतीय टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिलेगा। गोलकीपर सविता के अलावा नवनीत कौर, नेहा, निक्की प्रधान, लालरेम्सियामी और सुशीला चानू पुखरामबम जैसी अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है।
वहीं, कई युवा खिलाड़ियों ने हालिया मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। टीम का प्रयास विश्व कप की लय को एशियाई खेलों में भी कायम रखने का होगा।
एशियाई खेलों के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, लालथंटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनिलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग



