राज्यपाल ने कार्तिक पूर्णिमा और गुरूनानक जयन्ती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरूनानक जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। यह पर्व लोगों को प्रकृति से जोड़ता है और नदियों के महत्व को भी स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि गुरूनानक जी का जीवन और संदेश पूरी मानवता को प्रेम, करूणा, समानता एवं भाई चारे की राह दिखाता है। उन्होंने सच्चे ज्ञान के आलोक से लोगों को तमाम भेदभाव और आडम्बरों से मुक्त होने के लिये प्रेरित किया।
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा पर्व को प्रेम और सद्भाव से मनाने तथा नदियों में स्वच्छता बनाये रखने का आह्वान करते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।