भारत ने रचा इतिहास, 114 मेडल जीतने पर पीएम मोदी ने की खिलाड़ियों की तारीफ, कहा- देश को आप पर गर्व है
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय पैरा एथलीटों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में भारत ने रिकॉर्ड 114 पदक अपने नाम किए। यह एशियन पैरा गेम्स के इतिहास में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए गर्व और खुशी का क्षण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा कि भारतीय पैरा एथलीटों ने असाधारण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दल के प्रत्येक सदस्य को उनके दृढ़ संकल्प के लिए बधाई दी और कहा कि हर खिलाड़ी ने इस ऐतिहासिक कामयाबी में योगदान दिया है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है।
30 गोल्ड समेत 114 पदक, पदक तालिका में चौथा स्थान
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक जीते। इस तरह भारतीय दल के कुल पदकों की संख्या 114 रही और भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले संस्करण के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। चीन, जापान और उज्बेकिस्तान के बाद भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। भारतीय दल ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए और देश के लिए नया रिकॉर्ड बनाया।
पिछली बार से छह पदक ज्यादा, छोटा था भारतीय दल
भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में रहा था। उस समय भारतीय खिलाड़ियों ने 27 स्वर्ण सहित कुल 108 पदक जीते थे। इस बार भारत ने कुल पदकों की संख्या में छह का इजाफा करते हुए 114 पदकों का नया रिकॉर्ड बनाया।
इस उपलब्धि की खास बात यह भी रही कि इस बार भारत ने 168 खिलाड़ियों का दल भेजा था, जबकि पिछले संस्करण में 309 भारतीय एथलीट शामिल हुए थे। कम खिलाड़ियों के बावजूद पदकों की संख्या बढ़ना भारतीय पैरा खेलों की बेहतर तैयारी और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है।
एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 65 पदक
भारतीय दल के लिए एथलेटिक्स सबसे सफल खेल रहा। इस स्पर्धा में भारत ने कुल 65 पदक जीते, जिनमें 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल रहे। इसके अलावा पैरा बैडमिंटन और पैरा स्विमिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पैरा बैडमिंटन में भारत को 16 पदक मिले, जबकि पैरा स्विमिंग में खिलाड़ियों ने 11 पदक अपने नाम किए। पैरा तीरंदाजी, पैरा शूटिंग, पैरा टेबल टेनिस, पैरा जूडो और पैरा पावरलिफ्टिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश की झोली भरी।
स्वदेश लौटे खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
एशियन पैरा गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भारतीय दल स्वदेश लौट आया। दिल्ली एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। रिकॉर्ड पदकों के साथ लौटे एथलीटों की उपलब्धि को खेल जगत और देश के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, इच्छाशक्ति और उपलब्धियां देशवासियों के लिए प्रेरणा हैं। भारतीय दल की इस सफलता ने एशियन पैरा गेम्स में देश के प्रदर्शन के लिए नया मानक स्थापित किया है।



