भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 में एशियाड वाली टीम उतारेगा जापान, कादोवाकी फ्लेमिंग संभालेंगे कप्तानी
दुबईः भारत के खिलाफ 22 सितंबर को सानो में खेले जाने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए जापान ने अपनी एशियाई खेलों की टीम को ही मैदान में उतारने का फैसला किया है। जापान की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग इस मुकाबले में टीम की कप्तानी करेंगे।
यह मुकाबला भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुताबिक, जापान ने एशियाई खेलों की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए ऐसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं किया है, जो आईसीसी के नियमों के तहत टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के पात्र हैं, लेकिन एशियाई खेलों के नियमों के अनुसार चयन के योग्य नहीं हैं।
कादोवाकी फ्लेमिंग पर होगी कप्तानी की जिम्मेदारी
30 वर्षीय कादोवाकी फ्लेमिंग जापान के प्रमुख बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 55 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 139.41 के स्ट्राइक रेट से 1,871 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं।
जापान की टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लन सुजुकी मैककॉम्ब ऐसे अन्य खिलाड़ी हैं, जिन्हें 50 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव है।
भारत विश्व रैंकिंग में नंबर एक, जापान 41वें स्थान पर
भारत मौजूदा टी20 विश्व कप चैंपियन है और आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है। दूसरी ओर, जापान टी20 रैंकिंग में 41वें स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला जापानी क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
जापान की 15 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर वतारू मियाउची और लेग स्पिनर मकोतो तानियामा को भी शामिल किया गया है। स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुदा नैर्न और तेज गेंदबाज त्सुयोशी तकादा को घरेलू क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिली है।
एशियाई खेलों से पहले हांगकांग से भी खेलेगा जापान
एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू होंगे, जबकि पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। जापान इससे पहले 19 और 20 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगा।
एशियाई खेलों में जापान का सामना 24 सितंबर को अफगानिस्तान और 26 सितंबर को नेपाल से होगा। टीम को क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए ग्रुप में शीर्ष दो में रहना होगा।
भारत-जापान शिखर सम्मेलन के समझौते के तहत मुकाबला
भारत के खिलाफ होने वाला यह टी20 मुकाबला भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते के तहत आयोजित किया जा रहा है। जापान इस मुकाबले को एशियाई खेलों की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मान रहा है।
जापान की 15 सदस्यीय टीम
केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिन्ज़, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा नैर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पाटज़ुकिटर, सुगाया मैक्लान (विकेटकीपर), त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लाचलान यामामोटो लेक।



