जनता जर्नादनफ्लैश न्यूज

बच्चों को बचपन से मां-बाप का सम्मान करना सिखाएं

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के घटक संस्थान आई.ई.टी. में इसके आविर्भाव दिवस एवं विश्व मातृ दिवस के अवसर आयोजित कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए सभी को बधाई दी और कहा कि मातृत्व ईश्वरीय देन है, धरती पर मौजूद प्रत्येक इंसान का अस्तित्व माँ के कारण ही है।

माँ हम सभी के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमारा देश भारत महान संस्कृति और परम्पराओं वाला देश है, जहां लोग अपनी माँ को पहली प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा 8 मार्च महिला दिवस तथा 8 मई मातृ दिवस पर प्रत्येक जिले में बड़े आयोजन किए जाने चाहिए, जिससे जन समुदाय में महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव जागृत हो।

राज्यपाल ने अपेक्षा की कि हम सभी केवल मातृ दिवस के अवसर पर ही माँ का सम्मान न करें, बल्कि समाज में हर माँ के प्रति यह सम्मान सदैव बनाये रखें। उन्होंने कहा समाज में माता-पिता के सम्मान का भाव बढ़ाने के लिए बच्चे को बचपन से ही संस्कार दें, उन्हें बचपन से ही माँ-बाप का सम्मान और सेवा करना सिखाएं।

कार्यक्रम में राज्यपाल जी ने झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों को पढ़ाने वाली परमार्थ संस्था की पांच छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं का अभिनन्दन किया गया। इसके साथ ही दो अनाथ बालिकाओं, पांच महिला निर्माण मजदूर, ग्यारह आंगनवाड़ी कार्यकर्ती, आशा बहुएं एवं नर्स, दो महिला ग्राम प्रधानों, दो स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा स्वैच्छिक संस्थाओं का सम्मान व अभिनन्दन तथा पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं पांच शिशुओं का अन्नप्राशन किया।

राज्यपाल ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय के घटक संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलोजी, लखनऊ के उत्तरी गेट का लोकार्पण भी किया तथा संस्थान के परिसर में बरगद का पौधारोपण किया।
समारोह में प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने विश्वविद्यालय के प्रगति बिन्दु प्रस्तुत किए और संस्थान के चतुर्मुखी विकास में राज्यपाल के सशक्त मार्ग दर्शन के लिए धन्यवाद दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रदीप कुमार मिश्रा ने इस अवसर पर बताया कि आज ही के दिन 22 साल पहले ए.के.टी.यू. का अधिनियम पारित हुआ था। उन्होंने राज्यपाल जी को जानकारी दी कि संस्थान ने अब ग्राम सभाओं को गोद लेने की प्रक्रिया भी प्रारम्भ की है तथा आज इस क्रम में डिजिटल एक्यूरेसी और लिटरेसी के लिए 11 ग्राम सभाओं को गोद लिया गया है।

जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इस अवसर पर सभी सरकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं और बच्चों तक पहुंचे इस दिशा में पूरी तत्परता से कार्य करने के साथ-साथ गोद ली गई 11 ग्राम सभाओं में भी सहयोग देने को कहा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चन्द्र शर्मा, विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, ग्राम सभाओं के सदस्य तथा अन्य महानुभावगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777