नेपाल में प्राकृतिक आपदा से भीषण तबाही! 950 से ज्यादा की जान गई, PM बालेन शाह बोले- यह क्लाइमेट चेंज का असर
चीन-नेपाल सीमा के पास स्थित हिमालयी क्षेत्र में बर्फीले पानी, मलबा और हिमस्खलन के कारण आई प्रलयंकारी बाढ़ में नेपाल बुरी तरह तबाह हो गया है। राहत व बचाव कार्य के छठे दिन सोमवार तक नेपाल में मरने वालों की संख्या 939 तक पहुंच गई है, जबकि लगभग 3,925 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। तिब्बत में दर्ज 16 मौतों के साथ इस क्षेत्रीय आपदा में कुल मौतों का आंकड़ा 955 और लापता लोगों की संख्या 4,471 हो चुकी है। नेपाल में लापता लोगों की सूची में 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। जलविद्युत परियोजनाओं से लापता श्रमिकों की संख्या, जो इस बाढ़ से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए थे, सोमवार को घटकर 639 हो गई, जबकि पहले यह संख्या 933 होने का अनुमान था।
नेपाल की आपदा एजेंसी ने बताया कि 3,333 नेपाली नागरिकों का कोई पता नहीं चल पाया है। नुवाकोट जिले से 1,158 लोगों के लापता होने की खबर है, जबकि पड़ोसी रसुवा जिले में 865 लोगों का कोई पता नहीं है। लापता लोगों में नेपाली सेना के 45 जवान, पुलिस के 38 अधिकारी और कस्टम व इमिग्रेशन विभाग के 18 अधिकारी भी शामिल हैं।
PM बालेन शाह ने क्लाइमेट एक्शन की मांग की
नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि हिमालय में आई यह जानलेवा बाढ़ “कोई सामान्य” आपदा नहीं थी। उन्होंने इस त्रासदी को जलवायु परिवर्तन से बढ़ते खतरों से जोड़ा और इस दिशा में बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग की।



