फ्लैश न्यूज

कोलकाता हादसे के बाद योगी सरकार अलर्ट, यूपी के दुर्गा पूजा पंडालों की होगी सुरक्षा जांच

लखनऊः कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और जिला पुलिस प्रमुखों को दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों की जांच के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार की ओर से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की पड़ताल कराने को कहा है। उन्होंने विशेष रूप से अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

एंट्री और एग्जिट गेट की होगी जांच

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को दुर्गा पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास के रास्तों की जांच करने को कहा है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त रास्ते उपलब्ध हों।

बिजली व्यवस्था पर भी नजर

पंडालों में बिजली की व्यवस्था की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्युत संबंधी किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। अधिकारियों से कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराया जाए।

सक्रिय रहेंगे अधिकारी, सुरक्षा पर रहेगी निगरानी

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

कोलकाता में हादसे में 19 लोगों की मौत

उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी। हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। इसी घटना के बाद उत्तर प्रदेश में भी दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777