राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी
लखनऊ। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने अपने उत्तर प्रदेश के दौरे के दूसरे दिन लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति वाटिका पहुंचकर उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कोविंद राजभवन लौटे, जहां वह कुछ लोगों से मुलाकात करेंगे। उसके बाद वह कानपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम की शुरूआत करने के लिये कानपुर रवाना होंगे। कोविंद उत्तर प्रदेश के अपने दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को पहुंचे थे। राष्ट्रपति बनने के बाद अपने गृह प्रदेश का उनका यह पहला दौरा है।
उन्होंने गुरुवार को लखनऊ में डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर को भी श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उनका नागरिक अभिनन्दन किया गया था। उन्होंने राजभवन में रात्रि विश्राम किया था।