पंचतंत्र
PanchTantra की कहानी-बेकार का पचड़ा-भाग-4
पंचतंत्र के बेकार का पचड़ा भाग-3 में आपने पढ़ा कि —…..
मित्र, अपना पेट तो सभी भर लेते हैं पर दुनिया का भला करने वाले सज्जन बहुत कम होते हैं। ऐसे लोगों का जीवन जेठ की तपन से झुलसते हुए संसार के संताप को हरने के लिए उमड़ पडऩे वाले मेघ के समान होता है।
अब इससे आगे पढ़िए, भाग-4…..
जानते हो मां को सबसे ऊपर क्यों कहा जाता है? इसलिए कि कभी-कभार उसके गर्भ से कोर्ई ऐसा लाल भी जन्म ले लेता है जो महान लोगों के लिए भी आदर्श बन जाता है।
करटक ( kartak ) अब भी चुपचाप सुन रहा था। यह पता नहीं चल रहा था कि उसके मन पर क्या बीत रही है। दमनक ने कुछ खीझ कर कहा, देखो करटक ( kartak ), जो व्यक्ति लाचार होता है उसका तो अपमान होता ही है, जो शक्ति रहते हुए कुछ नहीं करता उसे भी अपमानित होना पड़ता है।
लकड़ी में आग का निवास तो होता है, पर जब तक आग अपने को प्रकट नहीं करती तब तक लोग उसे रौंदते हुए निकल जाते हैं। अब करटक ( kartak ) ने अपनी चुप्पी तोड़ी। बोला, यार जब हमें कोई पूछता ही नहीं, हमारे पास कोई अधिकार नहीं है, तो इस बवाल में हम क्यों पड़ें?
देखो, सयानों ने तो यह कहा है कि जो व्यक्ति किसी विषय का अधिकार नहीं है या जो बिना पूछे ही राजा से कुछ कहता है उसे राजा तो अपमानित करता ही है, ऐरे-गैरे भी उसकी मखौल उड़ाने लगते हैं।
साथ ही यह बात भी गांठ बांध लो, वचस्तत्र प्रयोक्तवंय लभते फलम्। जबान वहीं खोलनी चाहिए, जहां कुछ कहने का लाभ हो। काली कमली पर कोई रंग नहीं चढ़ता। सफेद कपड़े पर पड़ा हुआ रंग ही टिकाऊ हो पाता है। जो पहले से ही किसी दूसरे के कहने सुनने में है, उसे सलाह देना अपनी दुर्गति करानी है।
करटक ( kartak ) ने बात तो पते की कही थी और उसे आशा थी कि दमनक पर इसका असर पड़ेगा पर दमनक कुछ अधिक आशावादी था। उसने कहा, ऐसी बात मत कहो, पहले से ही कोई बड़ा नहीं होता। राजा की सेवा करने से ऐसे लोगों की भी तूती बोलने लगती है जिन्हें वैसे कोई टके को भी न पूछता।
अप्रधान: प्रधान: स्यात् सेवते यदि पार्थिवम? और जिनकी तूती बोलती रहती है उन्हें भी जब अपने पद से हटा दिया जाता है तो बैठे-बैठे मक्खियां मारते दिखाई देते हैं। उन्हें कोई घास तक नहीं डालता।
………..इसके आगे भाग-5 में पढ़ियेगा
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।